हरियाणा मेें शून्य हुई बुजुर्गों का अपमान करने वाली जजपा : मदन मोहन चौधरी
करनाल, अभी अभी। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के व्यापार सैल के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन चौधरी ने अपने कार्यालय मेंं पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। सर्वप्रथम उन्होंने करनाल जिला की नई कार्यकारिणी को बधाई दी और आह्वान किया कि इनेलो पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करें। घर-घर जाकर इनेलो की नीतियों से लोगों को अवगत करवाएं।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन चौधरी ने कहा कि जननायक जनता पार्टी प्रदेश में शून्य हो गई है। जजपा के मुखिया अब इनेलो सुप्रीमो रहे स्वर्गीय ओमप्रकाश चौटाला की तस्वीरें अपने पोस्टरों पर लगाकर जनता के बीच जाने की बात कर रहे हैं। जनता उन्हें सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि सभी को पता है कि 2018 से 2025 के बीच इन लोगों ने चौटाला साहब की कोई सुध नहीं ली। अब प्रदेश में इनकी पार्टी का दिवाला पिट चुका है और पार्टी हाशिये पर आ गई है, तब इन लोगों को चौटाला साहब की याद आई है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि राजनीतिक जीवन में जिस किसी ने भी अपने बुजुर्गों का अपमान किया है, उन्हें समय-समय पर जनता ने सबक सिखाया है। यहीं हाल अब जजपा का हो चुका है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इनेलो की तरफ से पंजाब सरकार को 25 मई तक का अल्टीमेटम दिया गया है। यदि इस निर्धारित अवधि में पंजाब ने हरियाणा के हक का पानी नहीं छोड़ा तो एक दिन के लिए इनेलो की तरफ से पंजाब की तरफ जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जो लोग किसी भ्रम की वजह से इनेलो को छोड़ गए थे वह अब पार्टी में वापस आ रहे हैं। बैठक में शिव बजाज, रिंकू चौधरी, राजन कालड़ा, नीरज चौधरी, अरूण कांबोज व तरूण कांबोज आदि मौजूद रहे।





































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































