हड़ताल पर गए हरियाणा के पैक्स कर्मचारी, कल करनाल में इक्टठा होंगे
करनाल, अभी अभी। प्राथमिक कृषि को-ओपरेटिव सोसाइटी कर्मचारी संघ (पैक्स) ने गुरुवार को शहर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित कर्मचारी यूनियनों के तमाम नेता इस प्रदर्शन में शामिल हुए। दरअसल पैक्स कर्मचारी कोओपरेटिव बैंक महाप्रबंधक के खिलाफ पिछले पांच दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। महाप्रबंधक पर आरोप लगा रहे हैं कि अधिकारी ने हाईकोर्ट के आदेशों की अवहेलना की। कर्मचारियों को जानबूझ कर परेशान करने के लिए वेतन कम कर दिया गया। इधर रिटायर्ड कर्मचारियों को बैंक में प्रबंधक लगाने काम नियमों के विरूद्ध किया जा रहा है। छह दिसंबर को पूरे हरियाणा के पैक्स कर्मचारी काम बंद करके करनाल कूच करेंगे। रिकवरी का कार्य पूर्ण तौर पर बंद रहेगा। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत सहकारी बैंक मॉल रोड से कर्मचारियों ने प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों की अगुवाई जिला प्रधान जसबीर सिंह और सचिव ऋषिपाल ने की। वाल्मीकि चौक तक कर्मचारी नारेबाजी करते हुए पहुंचे। यूनियन की ओर से कहा गया कि महाप्रबंधक कोओपरेटिव बैंक कर्मचारियों की अनदेखी कर रहा है। मनमानी कर विभाग को भी नुकसान पहुंचा रहा है। यहां तक कि हाईकोर्ट के आदेशों का भी जीएम ने उल्लंघन किया है। प्रांतीय प्रधान देवेंद्र राणा ने कहा कि महाप्रबंधक की तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो समस्याएं हैं उनका हल बातचीत के जरिए किया जाए। पैक्स कर्मचारियों की मांगे जायज हैं। अतिशीघ्र प्रशासन इलका हल निकाले। तमाम विभागों के कर्मचारी पैक्स कर्मचारियों के संघर्ष में उनके साथ खड़े हैं। जिला प्रधान जसबीर ने कहा कि बैंक के रिटायर्ड कर्मचारी को पैक्स प्रबंधक न लगाया जाए। कर्मचारियों की सेलरी कम करने का कोई औचित्य नहीं है। इस अवसर पर पूर्व राज्य प्रधान कुलदीप राणा, प्रदेश महासचिव सुभाष नांदल, सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव सेवाराम बड़सर, सीटू प्रधान सतपाल सैनी, ओपी माटा, सुदेश, भाग सिंह, धीरत सिंह रावत, लाभ सिंह आर्य, पैक्स यूनियन के कुरुक्षेत्र जिला प्रधान अशोक मेहता, जिला महासचिव कोलूराम, असंध ब्लॉक प्रधान महीपाल राणा, नीलोखेड़ी प्रधान दलेल सिंह, घरौंडा प्रधान रूप राम, गुलाब सिंह, ब्लॉक प्रधान करनाल सूरजभान, निसिंग प्रधान रामपाल, मूनक प्रधान गुलाब शर्मा, छत्रपाल त्यागी, इंद्री ब्लॉक प्रधान बीर सिंह राणा, परमजीत, रमेश कुमार व दलबीर सिंह आदि मौजूद रहे।




































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































