हरियाणा लेखक मंच का वार्षिक सम्मेलन 2 नवंबर को अंबाला में होगा
करनाल, अभी अभी। हरियाणा लेखक मंच का चतुर्थ वार्षिक सम्मेलन दो नवंबर को अंबाला छावनी में फरूका खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित किया जाएगा। मंच के उपाध्यक्ष डा. अशोक भाटिया ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष डा. अंबेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली से पूर्व प्रोफेसर डा. वैभव सिंह ‘आज की हिंदी कहानी’ पर वक्तव्य रखेंगे। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर डा. दिनेश दघीचि ‘आज की हिंदी गजल’ पर विचार प्रस्तुत करेंगे। दोनों विषयों पर चर्चा के अलावा इस वर्ष प्रकाशित 13 पुस्तकों का लोकार्पण भी किया जाएगा। सम्मेलन में हरियाणा के अलावा पंजाब, हिमाचल, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के 100 से ज्यादा लेखक शामिल होंगे। डा. अशोक भाटिया ने बताया कि विगत वर्षों में करनाल, कुरुक्षेत्र और गुडग़ांव में मंच अपने कार्यक्रम आयोजित कर चुका है।







































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































