वनडे क्रिकेट में हरियाणा की बेटियों का दबदबा, चंडीगढ़ को 183 रन से हराया
वरूण गुलाटी
चंडीगढ़, अभी अभी। भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड द्वारा आयोजित महिला अंडर-15 महिला वनडे ट्रॉफी में हरियाणा की टीम का दबदबा कायम है। मंगलवार को इंदौर के एसएस क्रिकेट मैदान में खेले गए अपने तीसरे मैच में हरियाणा ने चंडीगढ़ की टीम को करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा की टीम ने 35 ओवर में 5 विकेट खोकर 249 रन बनाए। सना देशवाल ने सबसे ज्यादा 78 रन बनाए। विकेट कीपर अर्चना पांचाल ने 34 रनों की नाबाद पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने में चंडीगढ़ की टीम के पसीने छूट गए। हरियाणा की गेंदबाजों ने 66 रन पर पूरी टीम को समेट दिया। चंडीगढ़ की टीम 24 ओवर ही खेल सकी। ईशिका शर्मा और अभिलाषा ने 3-3 विकेट लिए। हरियाणा का अगला मैच 8 जनवरी को मुंबई तथा 10 जनवरी को केरल के साथ होगा।





































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































