सरपंचों से माफी मांगें पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा : त्रिलोचन सिंह
करनाल, अभी अभी। करनाल कांग्रेस के जिला संयोजक त्रिलोचन सिंह ने पूर्व राज्य मंत्री कमलेश ढांडा द्वारा सरपंचों के खिलाफ दिए गए बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि कमलेश ढांडा अपनी हार से बौखला गई हैं, इसलिए जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों के खिलाफ ऐसी बयानबाजी कर रही हैं। ऐसे बयान देना उन्हें शोभा नहीं देता। बता दें कि पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहती है नजर आ रही हैं कि जिन सरपंचों ने कांग्रेस का समर्थन किया, उन्हें नतीजा भुगतना पड़ेगा। इस पर कांग्रेस ने कमलेश ढांडा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। त्रिलोचन सिंह ने कहा कि पूर्व मंत्री अपने बयान को वापस लें और सरपंचों से माफी मांगें। अगर उन्होंने माफी नहीं मांगी तो कांग्रेस उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करवाएगी। त्रिलोचन सिंह ने कहा कि भाजपा का दोहरा चरित्र एक बार फिर उजागर हो गया है। सबका साथ सबका विकास करने वाले सत्ता में आते ही अपना असली चेहरा दिखा रहे हैं। उन्होंंने कहा कि एक सरपंच गांव का मुखिया होता है। ग्रामीण उन्हें चुन कर अपना प्रतिनिधि बनाते हैं। भाजपा ने हमेशा सरपंचों का अपमान करने का काम किया है। इसी वर्ष पंचकूला में सरपंचों पर लाठियां बरसाई गई थी। त्रिलोचन सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरपंचों का अपमान नहीं होने देगी। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































