#Social

दयाल सिंह कालेज में विद्यार्थियों को दिया प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण

करनाल, अभी अभी। दयाल सिंह कॉलेज में यूथ रेडक्रॉस, राष्ट्रीय सेवा योजना, एनसीसी आर्मी विंग एवं एनसीसी एयर विंग के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय प्राथमिक चिकित्सा एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 96 विद्यार्थियों (63 छात्राएं एवं 33 छात्र) ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जीवनोपयोगी कौशल एवं महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य राजेश अरोड़ा द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में प्राथमिक चिकित्सा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर दी गई सहायता किसी भी व्यक्ति के जीवन को बचा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस प्रकार के प्रशिक्षण को गंभीरता से अपनाने के लिए प्रेरित किया। कॉलेज रेडक्रॉस प्रभारी डॉ. जय कुमार ने आपदा प्रबंधन की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रशिक्षित युवा समाज के लिए एक बड़ी शक्ति होते हैं, जो किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में सेवा भावना, तत्परता और जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करते हैं। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के प्रशिक्षक नरेश पाल ने प्रशिक्षण सत्र का संचालन करते हुए विद्यार्थियों को प्राथमिक चिकित्सा की विभिन्न व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने विशेष रूप से हृदयाघात की स्थिति में सीपीआर की प्रक्रिया का प्रदर्शन कर उसके महत्व को समझाया। इसके साथ ही, आपदा के दौरान अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों एवं त्वरित प्रतिक्रिया के तरीकों की भी विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभिन्न समितियों के प्रभारी एवं सदस्यगण का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर कॉलेज के प्राध्यापकगण भी उपस्थित रहे। यह शिविर विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ, जिससे उनमें आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने का आत्मविश्वास विकसित हुआ।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *