नमाज के दौरान मस्जिद में धमाका, 12 लोगों की मौत, आत्मघाती हमले की आशंका
पाकिस्तान। इस्लामाबाद के तरलाई इलाके में इमामबाड़ा कास्र-ए-खदीजतुल कुबरा में शुक्रवार की नमाज़ के दौरान एक धमाका हुआ, जिसमें कम से कम 12 लोग मारे गए और 40 से ज़्यादा घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पतालों में ले जाया गया, जिनमें पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और पॉलीक्लिनिक शामिल हैं, जहां कई लोगों का इलाज चल रहा है। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि कुछ पीडि़तों को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि सभी घायलों की सही हालत तुरंत साफ नहीं हो पाई है। चश्मदीदों ने बताया कि धमाका इमामबाड़े के गेट के पास हुआ। सोशल मीडिया पर चल रहे वीडियो में क्षतिग्रस्त इमारतें, टूटे हुए शीशे और धमाके के तुरंत बाद नमाज़ी और स्थानीय लोग घायलों की मदद करते हुए दिखे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक आत्मघाती हमलावर ने परिसर में घुसने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा गार्डों द्वारा रोके जाने के बाद उसने गेट पर ही विस्फोटक उड़ा दिया। हालात से निपटने के लिए राजधानी के अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई।








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































