अनिल विज के परिवहन मंत्री बनने से कर्मचारियों को मांगें पूरी होने की उम्मीद

करनाल, अभी अभी। हरियाणा रोडवेज स्वतंत्र कर्मचारी यूनियन (रजि. 2117) के राज्य प्रधान मनोज चहल व प्रदेश महासचिव संदीप बौद्ध ने हरियाणा सरकार को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि कर्मचारियों की मांगों को सरकार जल्द लागू करेगी। यूनियन ने अनिल विज को परिवहन मंत्री बनाए जाने पर खुशी जाहिर की है। मनोज चहल व संदीप बौद्ध ने कहा कि अनिल विज को परिवहन विभाग दिए जाने पर कर्मचारियों में खुशी की लहर है। राज्य महासचिव संदीप बौद्ध ने कहा कि अनिल विज की भ्रष्टाचार विरोधी नीतियों एवं ईमानदार छवि के कारण ही कर्मचारियों में अपनी मांगे पूरी होने की उम्मीद जगी है। अनिल विज ने इससे पूर्व भी कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा किया है एवं भ्रष्ट अधिकारियों पर लगाम लगाई है। उन्होंने कहा कि संगठन सरकार एवं परिवहन मंत्री से अपील करता है कि कर्मचारियों की लंबित मांगों जिसमें चालक/परिचालक का ग्रेड पे, जोखिम भत्ता व रात्रि भत्ते को पूर्व की भांति किया जाए। दीवाली के अवसर पर कर्मचारियों को बोनस प्रदान किया जाए।