9 जुलाई की हड़ताल को लेकर कर्मचारी और जन संगठनों ने करनाल मेें की मीटिंग

करनाल, अभी अभी। आगामी नौ जुलाई की हड़ताल को लेकर तमाम ट्रेड यूनियनों की मीटिंग एचएसवीपी कार्यालय सेक्टर 12 में हुई। मीटिंग की अध्यक्षता सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान सुशील गुर्जर सिरसी ने की। संचालन सीटू जिला प्रधान सतपाल सैनी ने किया। बैठक में सर्व कर्मचारी संघ, सीटू, इंटक, एंटक, एलआईसी, भाकियू, रिटायर्ड कर्मचारी, जनवादी महिला समिति, किसान सभा खेत मजदूर यूनियन व मेडिकल यूनियन से जुड़े कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। यूनियन नेता कर्मचारियों और जन संगठनों से संपर्क करेंगे। सुशील गुर्जर व सतपाल सैनी ने कहा कि सरकार कर्मचारी, किसान और महिला विरोधी नीतियां अपना रही है। इससे देश की जनता में रोष व्याप्त है। नौ जुलाई की हड़ताल में 25 करोड़ से ज्यादा लोगों की भागीदारी होने की संभावना है। कर्मचारियों की मुख्य मांगों में आठवां वेतन आयोग लागू करवाना, पुरानी पेंशन बहाल करवाना, तमाम विभागों में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को पक्का करवाते हुए तमाम खाली पड़े पदों पर नियम से नियमित भर्ती करवाना शामिल हैं। निजीकरण पर रोक लगवाकर सार्वजनिक विभागों का विस्तार किया जाना चाहिए। इस अवसर पर सुरेंद्र घुमन, नीरज अरोड़ा, सेवा राम बड़सर, जगपाल राणा, जिले सिंह पाल, जगमाल, ओमप्रकाश सिहमार, महेंद्र पाल, दिलबाग, जरासो, अशोक अरोड़ा व रमेश कुमार आदि मौजूद रहे।