मुंबई मैराथन में दौड़े करनाल के डा. बलबीर विर्क और प्रवेश गाबा

वरूण गुलाटी
करनाल, अभी अभी। रविवार को मुंबई में आयोजित की गई टाटा मुंबई मेराथन 2025 इंडिया की सबसे बड़ी मैराथन में करनाल के जाने माने डा. बलबीर सिंह विर्क और समाज सेवी प्रवेश गाबा ने हिस्सा लिया। यह मैराथन देश की सबसे बड़ी मैराथन है, जिसमें 60 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। डा. बलबीर विर्क ने फुल मैराथन (42 किलोमीटर) 4 घंटे 42 मिनट में पूरी की। प्रवेश गाबा ने हाफ मैराथन (21 किलोमीटर) में भाग लिया और 2 घंटे 18 मिनट में पूरी की। डा. बलबीर सिंह विर्क ने कहा कि मैराथन में हिस्सा लेने से शारीरिक और मानसिक लाभ मिलता है। देश के एथलीटों और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों से मिलकर सकारात्मक विचारों और ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए हमें खेलों में हिस्सा लेना चाहिए। सभी प्रकार के खेल व्यक्ति के शारीरिक विकास के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास में भी काम आते हैं। उन्होंने लोगों को सलाह देते हुए कहा कि पहला सुख निरोगी काया है, इसलिए अपने शरीर को स्वस्थ रखने के लिए सुबह-शाम व्यायाम करने की आदत डालें। करनाल में समय-समय पर मैराथन और दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है, जिसमें विर्क अस्पताल समाज हित में सहयोग करता है।