श्री कृष्ण गऊशाला में गोपाष्टमी के दिन होगा गऊ चिकित्सा केंद्र का उदघाटन

करनाल, अभी अभी। गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के सानिध्य में गौवंश का इलाज करने के लिए श्री कृष्ण गऊशाला में गऊ चिकित्सा केंद्र का निर्माण किया गया है। गोपाष्टमी के दिन नौ नवंबर को इस चिकित्सा केंद्र का उदघाटन किया जाएगा। गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज और शंकराचार्य श्री ज्ञानानंद जी तीर्थ भानपुरा पीठाधीश्वर विशेष रूप से आशीर्वाद देने के लिए पहुंचेंगे। हरियाणा सरकार में राजस्व मंत्री विपुल गोयल को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में करनाल विधायक जगमोहन आनंद और भाजपा जिला प्रधान बृज गुप्ता अति विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। श्री कृष्ण गऊशाला के प्रधान सुनील गुप्ता ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शहर में गौवंश बेसहारा घूमते हुए हादसों का शिकार हो जाते हैं। उनके इलाज के लिए चिकित्सा केंद्र का निर्माणा किया गया है। कोई भी व्यक्ति इस तरह के हादसों की सूचना गऊशाला में दे सकता है ताकि गायों का इलाज समय पर किया जा सके। बीमार गायों का इलाज भी चिकित्सा केंद्र में किया जाएगा। सुनील गुप्ता ने बताया कि गऊशाला में ही 2500 गज जगह में गऊ चिकित्सा केंद्र बनाया गया है। इस पर लगभग डेढ़ करोड़ रुपए की लागत आई है। चिकित्सा केंद्र में आप्रेशन, सर्जरी, एक्सरे व लैब की सुविधा रहेगी। 20 से 25 किलोमीटर के दायरे में गऊशाला की सेवाएं प्रदान की जाएंगी। गायों को हम अपनी माता के रूप में पूजते हैं तो हमारा फर्ज बनता है कि उनकी सेवा और सहायता भी करें। इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष डा. एस.के. गोयल ने बताया कि गोपाष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। गऊशाला को सजाया जा रहा है। शहर में प्रवेश द्वार भी लगाए गए हैं। कार्यक्रम में संतों का आशीर्वाद भी मिलेगा। संत महात्मा जहां प्रवचनों में जहां गायों की महिमा का बखान करेंगे, वहीं आध्यात्मिक मार्ग पर चलने के लिए लोगों का मार्गदर्शन करेंगे। गऊ चिकित्सा केंद्र का उदघाटन सुबह आठ बजे किया जाएगा। गायों की पूजा और सेवा करने के लिए लोग अल सुबह से ही गऊशाला में पहुंचना शुरू हो जाएंगे। सुबह से दोपहर तक भजन कीर्तन का दौर जारी रहेगा। इस अवसर पर महासचिव राम कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष अरूण गुप्ता, प्रकल्प प्रमुख घनश्याम गोयल, पुनीत मित्तल, गुरदयाल अग्रवाल, सचिन गर्ग, अजय सैनी, दुलियाराम शर्मा, विवेक अग्रवाल, आशीष गुप्ता व प्रवीण गोयल मौजूद रहे।