करनाल में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर कांग्रेस संयोजक त्रिलोचन सिंह ने जिताई चिंता, पुलिस अधीक्षक को लिखा पत्र
करनाल, अभी अभी। करनाल कांग्रेस के जिला संयोजक त्रिलोचन सिंह ने जिले में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर चिंता जाहिर की है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर कानून व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। साथ ही कई सुझाव भी दिए हैं। त्रिलोचन सिंह ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चुनाव से पहले बयान दिया था कि बदमाशों हरियाणा छोडक़र चले जाओ, वरना तुमसे सख्ती से निपटा जाएगा। सरकार बनने के बाद आपराधिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। बदमाश सरेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उनमें सरकार का कोई खौफ नहीं है। करनाल में फिरौती, डकैती और लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कानून व्यवस्था पंगु होती जा रही हैं। शहर में कई व्यापारियों और डॉक्टरों को विदेशों से धमकियां मिल रही हैं। फिरौतियां मांगी जा रही हैं। त्रिलोचन सिंह ने पुलिस अधीक्षक को भेजे पत्र में सुझाव देते हुए कहा है कि करनाल से लगती उत्तर प्रदेश की सीमा पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। शहर की कई कालोनियों और सेक्टरों में पुलिस गश्न न होने की वजह से क्राइम ज्यादा हो रहा है। त्रिलोचन सिंह ने शहर में बिगड़ती ट्रेफिक व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि शहर में अधिकतर इलाकों में जाम की स्थिति बनी रहती है। लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ट्रेफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पुलिस प्रशासन विशेष योजना बनाए।











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































