हरियाणा में बोले सीएम योगी आदित्यनाथ, सनातन सुरक्षित रहेगा तो देश सुरक्षित रहेगा
कैथल, अभी अभी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को हरियाणा के कैथल में एक धार्मिक कार्यक्रम पहुंचे। सोंगल गांव स्थित सिद्ध बाबा मुकुट नाथ मठ में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनका सोभाग्य है कि उनको बाबा मुकुट नाथ के दर्शन करने का अवसर मिला। जीते जी तो सम्मान देना ही है, गुरुओं को बाद में भी सम्मान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरुओं के सामने तो सिकंदर जैसे विजेताओं को भी नतमस्तक होना पड़ा। भारत में संतों की परंपरा रही है कि उन्होंने अपने आपको राष्ट्र के प्रति समर्पित किया है। संतों का हर जगह सम्मान किया जाता है। पंजाब और हरियाणा में तो संतों की काफी लंबी परंपरा रही है। संत शक्ति जागरूक होगी तो कोई भी ताकत देश धर्म को झुका नहीं सकती। जो लोग देश हित में काम कर रहे हैं, उनका समर्थन करना चाहिए। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, हर व्यक्ति चाहता था कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो। 500 वर्ष पहले एक विदेशी ने अयोध्या में राम मंदिर को क्षतिग्रस्त किया था। अब भाजपा ने मंदिर बनाया। पहले किसी सरकार ने आस्था के बारे में नहीं सोचा। जो लोग भारत को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, उनको देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत में नशे का कारोबार करने के प्रयास कर रहा है, लेकिन हमें नशे के खिलाफ आंदोलन करना होगा। धर्मसभाओं के माध्यम से नशे के खिलाफ आवाजी उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भले ही खाड़ी देशों में युद्ध चल रहा है, लेकिन भारत अपने विकास की गाथा लिख रहा है। कुछ ऐसे लोग जिनको जनता बाहर का रास्ता दिखा चुकी है, वे अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। अगर सनातन सुरक्षित रहेगा तो देश सुरक्षित रहेगा। जब सनातन विरोधी सरकारें आएंगी तो वे तुष्टीकरण करेंगी। इस दौरान महंत पीरशेरनाथ ने बताया कि सिद्ध बाबा मुकुट नाथ मठ क्षेत्र का एक प्राचीन धार्मिक स्थल है, जो लगभग 1600 से 1700 वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है। यह स्थान सिद्ध पुरुष बाबा मुकुट नाथ की तपस्थली माना जाता है, जहां उनकी स्मृति में निरंतर ज्योति प्रज्वलित रहती है।

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































