#Political

भाजपा सरकार ने हरियाणा पर बढ़ाया कर्ज का बोझ : सुरेश गुप्ता

करनाल, अभी अभी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने सीएम द्वारा पेश किए बजट को जुमलेबाजी करार देते हुए कहा कि यह बजट किसी भी वर्ग के हित में नहीं है। बजट में युवाओं को रोजगार देने को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई। किसानों की फसलें एमएसपी पर खरीदने को लेकर सीएम चुप्पी साधे रहे। कर्मचारियों की एचकेआरएन से जुड़ी समस्या को हल करने के लिए बजट में कोई प्रावधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने जो बजट पेश किया है, उसमें युवाओं के लिए रोजगार देने बारे कोई बात नहीं की गई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में हरियाणा सरकार पर 75 हजार करोड़ रुपए का कर्ज था। पिछले 12 सालों में यह कर्ज बढक़र पांच लाख 26 हजार करोड़ रुपए हो गया है। भाजपा सरकार ने प्रदेश को कर्ज के बोझ तले दबाने का काम किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर कोई स्पष्ट नीति नहीं है। चुनाव के समय यह वादा किया गया था कि सरकार बनते ही योजना शुरू होगी और महिलाओं के खाते में 2100 रुपए आने शुरू हो जाएंगे। अब उेढ़ साल बीत जाने के बाद कुछ महिलाओं को ही यह राशि भेजी गई है। सरकार महिलाओं के साथ अन्याय कर रही है। सुरेश गुप्ता ने कहा कि हरियाणा स्टेट इंडस्ट्री डेवेलपमेंट कार्पोरेशन के प्लॉट प्रदेश के युवाओं को रिजर्व प्राइज पर दिए जाने चाहिएं। मुख्यमंत्री को हरियाणा के युवाओं के बारे में सोचना चाहिए। युवाओं को रोजगार नहीं मिला तो प्रदेशवासियों का भविष्य अंधकारमय होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा का बजट महिला, किसान और कर्मचारी विरोधी है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *