भाजपा ने वोट चोरी कर बनाई सरकारें, राहुल गांधी ने खोली पोल : भूपिंद्र लाठर भुप्पी
करनाल, अभी अभी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर करनाल में हुए वोट चोर गद्दी छोड़ प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपिंद्र लाठर भुप्पी अपने साथी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह का जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ता हाथों में कांग्रेस के झंडे लेकर वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे लगा रहे थे। भूपिंद्र लाठर ने कहा कि देश के लोकप्रिय नेता एवं सांसद राहुल गांधी ने देश के कई राज्यों में भाजपा द्वारा वोट चोरी कर सरकारें बनाने का खुलासा किया है। हरियाणा में विधानसभा चुनाव के दौरान 25 लाख वोट चोरी हुए। इस चोरी के बल पर ही प्रदेश में भाजपा ने सरकार बनाई है। भारतीय जनता पार्टी देश में लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश रच रही है। लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं व आम जन को ईडी और अन्य एजेंसियों का दुरूपयोग कर दबाने का काम किया जाता है। भूपिंद्र लाठर भुप्पी ने कहा कि अब देश की जनता जाग चुकी है। लोग राहुल गांधी के साथ खड़े हैं।
































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































