हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह का भूपिंद्र लाठर ने किया जोरदार स्वागत
अध्यक्ष के आगमन की खुशी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की आतिशबाजी
वरूण गुलाटी
करनाल, अभी अभी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह का सोमवार को नीलकंठ स्टार पर कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपिंद्र लाठर (भुप्पी) कार्यक्रम के संयोजक रहे। ढोल नगाड़ों की थाप पर नाचते, आतिशबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने राव नरेंद्र सिंह के करनाल आगमन पर खुशी जाहिर की। भूपिंद्र लाठर ने कांग्रेस अध्यक्ष को पुष्प गुच्छ भेंट कर व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। लड्डू खिलाकर उनका मुंह मीठा करवाते हुए बधाई दी। साथ में हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश गुप्ता व पूर्व विधायक शमशेर गोगी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने अपनी नियुक्ति पर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व सोनिया गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व संघर्ष के प्रतीक लोकप्रिय नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल व हरियाणा प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के निर्देशानुसार देशभर में कांग्रेस का संगठन बनाने की शुरूआत की गई है। इसके लिए कांग्रेस संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। गुजरात, मध्यप्रदेश के बाद हरियाणा का संगठन बनाया गया। योग्य नेताओं को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। इसके बाद विधायक दल का नेता भूपिंद्र सिंह हुड्डा को बनाया गया और मुझे प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी गई। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में कांग्रेस संगठन का विस्तार करते हुए सभी विभागों की कार्यकारिणी गठित की जाएंगी। वह हरियाणा की 36 बिरदारी की ओर से कांग्रेस हाईकमान का आभार प्रकट करते हैं। कांग्रेस का संगठन बनने में 11 साल का समय लग गया इस सवाल का जवाब देते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि देर आए दुरुस्त आए। अच्छी बात है, हर चीज का समय होता है। उन्होंने कहा कि संगठन बनने से आने वाले चुनावों पर सकारात्मक असर पड़ेगा। संगठन बनने से अच्छा काम होता है। सबकी राय से पार्टी को मजबूत बनाने का काम करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने सभी वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की है। सभी नेताओं ने हाईकमान के फैसले को मानने और उसके दिशा निर्देश अनुसार काम करने की बात कही है।

वोट चोरी के माध्यम से भाजपा ने सरकार बनाई
कांगे्रस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा के शासन में संविधान और लोकतंत्र खतरे में हैं। संविधान और देश को बचाने के लिए कोई आवाज उठा रहा है तो वह केवल देश के लोकप्रिय नेता राहुल गांधी ही हैं। उन्होंने संसद से सडक़ तक संघर्ष करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी के माध्यम से भाजपा ने सरकार बनाई और सरकारें छीनने का काम किया है। राहुल गांधी ने वोट चोरी का मुद्दा उठाकर भाजपा की पोल देश की जनता के सामने खोली है। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा करने और देश बचाने के लिए कांग्रेस को सत्ता में लाना होगा।
ये नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपिंद्र लाठर (भुप्पी), प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, पूर्व विधायक शमशेर गोगी, बलराम रावल, विमल गुप्ता, संजीव गोस्वामी, ललित बुटाना, राजिंद्र बल्ला, सुखराम बेदी, हरपाल रोड़, ओमप्रकाश सलूजा, जयपाल मान, रघुबीर संधु, नरेंद्र शर्मा, अनुज रावल, अंकित रावल, अश्वनी कल्याण, कुलदीप और मनदीप सरपंच, राज सरपंच, सुनेहरा वाल्मीकि, एनपीएस चौहान, दीपक चौधरी और कई सरपंचों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































