बांग्लादेश में एक और हिंदू की हत्या, कट्टरपंथियों ने अमृत मंडल को पीट-पीटकर मार डाला
एजेंसी न्यूज। बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास की हत्या के कुछ ही दिनों बाद कट्टरपंथी भीड़ ने एक और हिंदू व्यक्ति को पीट-पीटकर मार डाला है। बुधवार (24 दिसंबर) रात राजबाड़ी जिले में भीड़ ने 29 साल के एक हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पीड़ित की पहचान अमृत मंडल उर्फ सम्राट के रूप में हुई है। उस पर पांग्शा उपजिला के होसैंदांगा ओल्ड मार्केट में बुधवार रात करीब 11 बजे हमला किया गया। हमले के तुरंत बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। इससे पहले 25 वर्षीय मजदूर दीपू दास की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। नए हत्याकांड की पुष्टि करते हुए पांग्शा मॉडल पुलिस स्टेशन के ऑफिसर-इन-चार्ज शेख मोइनुल इस्लाम ने कहा कि अमृत मंडल पर स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर जबरन वसूली का आरोप लगाया था। इसके बाद भीड़ हिंसक हो गई। पुलिस ने बताया कि अमृत मंडल उनके रिकॉर्ड में एक स्थानीय ग्रुप लीडर के तौर पर दर्ज था। इसे “सम्राट वाहिनी” कहा जाता था। वह होसैंदांगा गांव के रहने वाले अक्षय मंडल का बेटा था। पुलिस ने बताया कि हमले में शामिल लोगों की पहचान करने और हत्या की वजह बनने वाली घटनाओं के क्रम का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना से इलाके में तनाव पैदा हो गया है। इस हत्या के बाद अशांति को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इससे पहले बांग्लादेश के मैमनसिंह के बालुका इलाके में 18 दिसंबर को ईशनिंदा के आरोपों को लेकर कपड़ा कारखाने में काम करने वाले 25 वर्षीय मजदूर दास की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। फिर उसके शरीर में सरेआम आग लगा दी।







































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































