#Political

करनाल की मंडियों के दौरे पहुंचे पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, बोले सीधी बरसात से फसलों को कभी नुकसान नहीं होता

वरूण गुलाटी
करनाल, अभी अभी। प्रदेश के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने रविवार को करनाल जिला की सभी मंडियों का दौरा किया। मंडियों में पहुंचकर अधिकारियों और किसानों से बातचीत की। अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूं खरीद कार्य सुचारू रूप से किया जाए। किसानों को किसी भी प्रकार से परेशानी न हो। कुंजपुरा मंडी में मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए श्याम सिंह राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार हरियाणा के सभी मंत्री और विधायक मंडियों का निरंतर दौरा कर रहे हैं। पूरा अप्रैल महीना मंडियों में जाकर व्यवस्था का जायजा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीधी बरसात से कभी फसल को नुकसान नहीं होता। फसल पकने के बाद भी बरसात आ जाए तो लाभकारी ही होती है। तेज हवाओं, आंधी और ओलावृष्टि से फसलों का नुकसान होता है। इस सीजन में जहां भी ओलावृष्टि या आंधी से फसलें खराब हुई हैं, वहां सरकार किसानों के साथ खड़ी है पूरी मदद की जाएगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मंडियों में फसलों की खरीदारी के लिए डिजीटल व्यवस्था की गई है। मंडी सचिव फसल खरीदने और बेचने का पूरा रिकार्ड अपने पास रखेगा। किसी भी प्रकार से घोटाला नहीं होने देंगे। किसान सरकार के नियमों के तहत फसलें मंडी में लेकर आए। उन्हें फसल बेचने में कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि अगर कांग्रेस और इनेलो किसानों की सहायता करना चाहते हैं तो समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों से मिलें।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *