अग्रवाल युवक युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन 15 मार्च को करनाल में होगा
करनाल, अभी अभी। अग्रवाल युवा संगठन की ओर से 26वें वैवाहिक अग्रवाल युवक युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन 15 मार्च को किया जाएगा। अग्रसेन भवन सेक्टर आठ में सम्मेलन सुबह नौ बजे से शुरू होगा। संगठन के प्रधान रमेश जिंदल के नेतृत्व में टीमें लगातार प्रचार प्रसार में जुटी हैं। उत्तर भारत में होने वाला यह सबसे पुराना आयोजन है, जिसकी शुरूआत विवाह में फिजूल खर्ची रोकने और अग्रवाल समाज के युवाओं को एक अच्छा जीवन साथी मिलने के उद्देश्य के साथ की गई थी। प्रधान रमेश जिंदल ने कहा कि सम्मेलन में शामिल होने के लिए पंजीकरण करवाना जरूरी है। इसके लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों व्यवस्थाएं की गई हैं। सम्मेलन मेें पुस्तिका का विमोचन भी किया जाएगा, जिसमें युवकों और युवतियों के बायो डाटा सहित अन्य जानकारियां प्रकाशित होंगी। रमेश जिंदल ने कहा कि आज की दौड़ भरी जिंदगी में और समुचित जानकारी के अभाव में योग्य युवक-युवतियों के लिए उत्तम जीवन साथी का चयन करना आसान नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बंधु के लिए संभव नहीं कि वह पूरे देश का भ्रमण कर सके। संचार साधनों के होते हुए भी समय इसकी इजाजत नहीं देता। ऐसे में अग्रवाल युवक युवती परिचय सम्मेलन एक बड़ा मंच प्रदान करता है। इस अवसर पर अरूण अग्रवाल, आशीष मंगल, प्रवीण गर्ग व भूषण गोयल आदि मौजूद रहे।

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































