#Protest

दो महीने का वेतन नहीं दिया, फिर काम से हटा दिया, गुस्साए कर्मचारी सडक़ों पर उतरे

करनाल, अभी अभी। एचएसवीपी कर्मचारी यूनियन के बैनर तले 65 दिनों से धरने पर डटे कच्चे सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सर्व कर्मचारी संघ और नगरपालिका कर्मचारी संघ सहित अन्य कर्मचारी संगठनों ने इस प्रदर्शन में भागीदारी की। जिला सचिवालय में तहसीलदार को मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया। कर्मचारियों को दो महीने का वेतन देने और काम पर वापस रखे जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों की अगुवाई गुरविंद्र और सुलतान ने की। बिजली विभाग, पब्लिक हेल्थ, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यूनियन और रिटायर्ड कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि भी कच्चे कर्मचारियों का हौसला बढ़ाने पहुंचे। दोपहर बाद कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल की वार्ता एसडीएम से हुई। एसडीएम ने आश्वासन दिया है कि कर्मचारियों की समस्याओं का हल किया जाएगा। इस अवसर पर सर्व कर्मचारी संघ के प्रधान सुशील गुर्जर और जिला सचिव सेवाराम बड़सर ने कहा कि ठेकेदार ने कच्चे कर्मचारियों के साथ अन्याय किया है। दो महीने का वेतन नहीं दिया और फिर काम से ही हटा दिया। कर्मचारियों को धरने पर बैठे दो महीने से ज्यादा का समय हो गया है। ठेकेदार ने ईपीएफ और ईएसआई विभाग में जमा नहीं करवाया। ठेकेदार अधिकारियों को भी गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। ऐेसें में हुडा सेक्टरों में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। सफाई कर्मचारी ईमानदारी से जन सेवा करते हुए अपना कार्य करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जल्द वेतन जारी नहीं किया गया और कर्मचारियों को वापस नौकरी पर नहीं लिया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर राजपाल, रंगलाल संधू, जगमाल सिंह, भाग सिंह, राजकुमार, राजिंद्र, बलराज सिंह, रोशनलाल गुप्ता, कृष्ण शर्मा, सतपाल सैनी, ओपी माटा, दीपक, सुभाष, लाभ सिंह आर्य, रोहताश, सतपाल, सुभाष, प्रवेश, सीता, रानी, बबली व बबीता आदि ने कर्मचारियों को संबोधित किया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *