रोडस स्कालरशिप में करनाल के शुभम का चयन, आक्सफोर्ड यूनीवर्सिटी लंदन में करेगा पढ़ाई
करनाल, अभी अभी। आक्सफोर्ड यूनीवर्सिटी लंदन में पढ़ाई करने के लिए पांच भारतीयों को रोडस स्कालरशिप के लिए चुना गया है। चयनित भारतीयों में हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड, बंगाल व कर्नाटक के छात्र शामिल हैं। इनमेें शुभम नरवाल करनाल हरियाणा से, रयान चक्रवर्ती बंगाल से, विभा स्वामीनाथन कर्नाटक से, अवनिश वत्स झारखंड से तथा पल अग्रवाल उत्तर प्रदेश से शामिल हैं। शुभम नरवाल एनडीआरआई करनाल में कार्यरत मुख्य तकनीकी अधिकारी पशु चिकित्सक डा. सुभाष चंद्र नरवाल व सुनीता के पुत्र हैं। शुभम इस समय भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान ईटनागर बरेली से पशु चिकित्सक की डिग्री कर रहे हैं। रोडस स्कालरशिप दुनिया की सबसे पुरानी स्नातक छात्रवृत्ति है, जो 1903 से आक्सफोर्ड यूनीवर्सिटी लंदन की ओर से चलाई जा रही है। भारत के लिए इस छात्रवृत्ति की शुरूआत 1947 में की गई थी। वर्ष 1947 से प्रत्येक वर्ष पांच असाधारण प्रतिभा वाले आवेदकों को दी जाती है। इसकी चयन प्रक्रिया बहुत कठिन है। इसमें लिखित परीक्षा के पश्चात दो राउंड का साक्षात्कार होता है, जिसमें विदेश सचिव स्तर के उच्च अधिकारी बैठते हैं। करनाल के शुभम नरवाल पशु चिकित्सा से चयन होने वाले प्रथम भारतीय हैं तथा विश्व में वह दूसरे हैं। यह स्कालरशिप लगभग तीन करोड़ रुपए की होती है। शुभम नरवाल के पिता डा. सुभाष नरवाल अंबेडकर समाज कल्याण सभा करनाल के सक्रिय सदस्य हैं और अंबेडकर भवन सेक्टर 16 में योगदान देते रहते हैं। शुभम नरवाल की उपलब्धि पर अंबेडकर समाज कल्याण सभा के प्रधान अमर सिंह पातलान ने खुशी जाहिर की है।











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































