श्री कृष्ण गऊशाला में सावन पूर्णिमा पर किया हवन यज्ञ
करनाल, अभी अभी। श्री कृष्ण गऊशाला में सावन पूर्णिमा के अवसर पर हवन यज्ञ किया गया। मुख्य यजमान वरूण गुप्ता सहित उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने हवन यज्ञ में आहूतियां डालकर ईश्वर से विश्व शांति व परिवारों में सुख समृद्धि की कामना की गई। गऊशाला के देवधाम में पूर्णिमा और अमावस्या के अवसर पर हवन यज्ञ का आयोजन किया जाता है। यहां परंपरा पिछले लगभग एक वर्ष से चली आ रही है। हवन यज्ञ के उपरांत गायों की पूजा अर्चना की गई और चारा व गुड़ खिलाया गया।
इस मौके पर श्री कृष्ण गऊशाला के प्रधान सुनील गुप्ता ने कहा कि कहा कि अमावस्या और पूर्णिमा को हवन करना बहुत ही फलदायी है। हम सबको हवन करना ही चाहिए। इसे करने से देवता, पितरों की तृप्ति के साथ-साथ आत्मिक शांति भी मिलती है। हवन पूजन के करने से अग्नि, जलवायु, आकाश व पृथ्वी आदि पांच तत्वों की संतुष्टि होती है। भगवान विष्णु, शिव व ब्रह्मा आदि त्रिलोकी शक्ति प्रसन्न होती हैं। उन्होंने बताया कि गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी के मार्गदर्शन में गऊशाला में समय-समय पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि गऊशाला की ओर से गायों के लिए अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। संभव है कि गोपाष्टमी के दिन इसका उदघाटन होगा। दुर्घटनाओं में घायल व बीमार गायों का इलाज चिकित्सालय में किया जाएगा। इस अवसर पर अरूण गुप्ता, घनश्याम गोयल, विवेक अग्रवाल, वी.बी. गोयल, बलबीर लाठर, जे.पी. सिंह, प्रदीप गुप्ता, कर्ण गुप्ता, गुरदयाल अग्रवाल, सचिन गर्ग व दुलियाराम शर्मा आदि मौजूद रहे।











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































